धनघटा थाना क्षेत्र में पावर हाउस बिजली व्यवस्था को लेकर फूटा गुस्सा
पावर हाउस गांव में फिर भी अंधेरे में ग्रामीण, बिजली व्यवस्था को लेकर फूटा गुस्सा
धनघटा/संतकबीरनगर। धनघटा थाना क्षेत्र के चौराहा कला गांव के ग्रामीणों का बिजली व्यवस्था को लेकर गुस्सा उस समय फूट पड़ा जब बड़ी संख्या में ग्रामीण चौड़ा कला स्थित पावर हाउस पहुंचकर प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अव्यवस्थित बिजली आपूर्ति पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव में ही पावर हाउस स्थापित है, लेकिन इसके बावजूद गांव को सुचारू रूप से बिजली नहीं मिल पा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की विद्युत सप्लाई दर्जनों गांवों से होकर आती है, जिसके चलते कहीं भी फाल्ट होने पर सबसे पहले चौराहा कला गांव की बिजली काट दी जाती है और सबसे अंत में बहाल की जाती है।
ग्रामीणों का कहना था कि कई बार अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका। गांव के लोगों ने आरोप लगाया कि 14 कला पावर हाउस पर तैनात विद्युत कर्मियों की लापरवाही और मनमानी के कारण गांव में 7 से 10 किलोमीटर घूमाकर बिजली सप्लाई दी जा रही है, जिससे आए दिन विद्युत बाधित रहती है। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि सरकार जहां हर गांव तक सुचारू बिजली पहुंचाने का दावा कर रही है, वहीं चौराहा कला गांव के लोग “दीपक तले अंधेरा” जैसी स्थिति झेलने को मजबूर हैं।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रभारी थाना निरीक्षक क्राइम रामेश्वर यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों से वार्ता कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। काफी देर बाद मौके पर पहुंचे जेई ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि समस्या को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाकर जल्द समाधान कराया जाएगा। आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीण शांत हुए और अपने-अपने घर लौट गए। प्रदर्शन में बृजेश कुमार, अरुण कुमार, दिलीप, प्रमोद कुमार, अशोक कुमार, मोहन, संदीप कुमार, दीपचंद, जितेंद्र कुमार, प्रदीप कुमार, रंजीत, धर्मदेव चौधरी, देवेंद्र कुमार, कुलदीप, रामकेश, अमन कुमार चौधरी, राम आशीष, लाल बिहारी, देव कुमार, रामसागर, इंद्रासन, श्याम कुमार, रितेश कुमार एवं श्री प्रकाश सहित तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
