दौलतपुर के युवक की दिल्ली में संदिग्ध परिस्थिति में मौत
दौलतपुर के युवक की दिल्ली में संदिग्ध परिस्थिति में मौत, घर में मचा कोहराम
- दिल्ली के गुड़ मंडी में हलवाई का काम करता था संदीप
- सूचना मिलते ही दिल्ली के लिए रवाना हुए परिजन
नाथनगर/संतकबीरनगर। महुली थाना क्षेत्र के ग्राम दौलतपुर निवासी एक युवक की दिल्ली में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना मंगलवार देर शाम को गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। रिश्तेदार और ग्रामीण मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना देते रहे। वहीं घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी होती रहीं। क्षेत्र के दौलतपुर निवासी करीब 30 वर्षीय संदीप पुत्र सत्यनारायण निषाद पिछले कई वर्षों से राजधानी दिल्ली की गुड़ मंडी स्थित एक प्रतिष्ठान पर हलवाई का काम करता था। वह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के मुताबिक मंगलवार की देर शाम उसके साथ काम करने वाले लोगों का फोन आया कि संदीप की अचानक तबीयत बिगड़ गई है।
आनन-फानन में उसे उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही परिजन आवश्यक तैयारियां कर दिल्ली के लिए रवाना हो गए। जहां पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव गांव लाए जाने की संभावना है। प्रधान प्रतिनिधि गजेन्द्र त्रिपाठी और ग्रामीणों के अनुसार संदीप मिलनसार और मेहनती स्वभाव का था। उसकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका है। परिजनों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और दिल्ली पुलिस की जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक मौत के कारण को लेकर कुछ भी कहना उचित नहीं होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

