तेज रफ्तार ‘रामा मेल’ बनी बुजुर्ग की जान पर आफत, चालक पर दर्ज हुआ मुकदमा
संतकबीरनगर। रामजानकी मार्ग पर हैंसर बाजार स्थित पेट्रोल पंप के समीप बीते 11 मई को हुई सड़क दुर्घटना के मामले में पुलिस ने गुरुवार को बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तेज रफ्तार बस की टक्कर से एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनका इलाज अभी भी चल रहा है। पुलिस को दी गई तहरीर में थाना क्षेत्र के कौलही गांव निवासी शिवकुमार पुत्र केवल प्रसाद ने बताया कि उनके 76 वर्षीय पिता केशव प्रसाद पुत्र पौहारी शरण 11 मई की दोपहर लगभग दो बजे कृषि कार्य के लिए डीजल खरीदने हैंसर बाजार स्थित पेट्रोल पंप जा रहे थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप की तरफ मुड़ते समय तेज गति से आ रही रामा मेल बस संख्या यूपी 53 जीटी 5354 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनके पिता को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वृद्ध गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और लहूलुहान हो गए। हादसे के बाद बस चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल वृद्ध को एम्बुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैंसर बाजार पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन वर्तमान में गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज करा रहे हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी बस चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 281, 125(ए) व 125(बी) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल बस और उसके चालक को जल्द ही कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
