चाइनीज मांझे का कहरः मेंहदावल में मासूम बच्चा घायल
चाइनीज मांझे का कहरः मेंहदावल में मासूम बच्चा घायल
-आंख के पास लगा गहरा कट; पुलिस ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
मेंहदावल/संतकबीरनगर। मेंहदावल थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री पर रोक नहीं लग पा रही है। रविवार शाम करीब 4 बजे चाइनीज मांझे की चपेट में आने से एक नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया। मांझे से उसके आंख के पास गहरा घाव हो गया, जिसके बाद उसे निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है और हालत में सुधार बताया जा रहा है। मेंहदावल के ठाकुर द्वारा मोहल्ला निवासी सुनील कुमार अग्रहरि ने प्रभारी निरीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनका भतीजा आयुष रविवार शाम बाजार जा रहा था। इंडियन बैंक के सामने पहुंचते ही वह चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया। मांझे की धार इतनी तेज थी कि उसकी आंख के पास गहरा कट लग गया। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे।स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझा पुलिस थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर खुलेआम बेचा जा रहा है। लोगों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण यह खतरनाक मांझा बच्चों, राहगीरों और पक्षियों के लिए बड़ा खतरा बना हुआ है। नगर के सुरेंद्र, रवि, सुनील, धीरज, आलोक और चंदन समेत कई लोगों ने प्रशासन से चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि नायलॉन और केमिकल से बना यह मांझा बेहद मजबूत होता है और आसानी से नहीं टूटता। इसकी चपेट में आने से इंसानों के साथ-साथ पक्षियों की जान को भी खतरा रहता है। पतंग विक्रेताओं के अनुसार, पारंपरिक सूती मांझा दबाव पड़ने पर टूट जाता है, जबकि चाइनीज मांझा नायलॉन व केमिकल से तैयार होने के कारण काफी मजबूत और धारदार होता है। सस्ता और टिकाऊ होने की वजह से कुछ लोग इसे खरीद रहे हैं। मेंहदावल थाना प्रभारी राकेश सिंह ने बताया कि चाइनीज मांझे की बिक्री एक गंभीर अपराध है। इस मामले में तहरीर प्राप्त हुई है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही अभियान चलाकर दुकानों पर छापेमारी की जाएगी और प्रतिबंधित मांझा बेचने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

