केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री से मिले विधायक गणेश चंद्र चौहान
केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री से मिले विधायक गणेश चंद्र चौहान
-मेहदावल-धनघटा मार्ग को फोरलेन कराने के लिए सौंपा पत्रक, यातायात के भारी दबाव का दिया हवाला
संतकबीरनगर। धनघटा विधानसभा क्षेत्र के विधायक गणेश चंद्र चौहान ने केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर क्षेत्र के महत्वपूर्ण सड़क मार्ग को फोरलेन किए जाने की मांग उठाई। विधायक ने प्रस्तावित नंदौर-नेवरी मार्ग को फोरलेन में तब्दील किए जाने को लेकर केंद्रीय मंत्री को पत्रक सौंपा और मार्ग की उपयोगिता तथा क्षेत्रीय आवश्यकताओं से अवगत कराया। विधायक गणेश चंद्र चौहान ने केंद्रीय मंत्री को दिए ज्ञापन में बताया कि नंदौर-नेवरी मार्ग क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह मार्ग कई जनपदों को आपस में जोड़ने का कार्य करता है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। मार्ग पर लगातार बढ़ते यातायात के कारण लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि यह मार्ग प्रसिद्ध तामेश्वरनाथ धाम कॉरिडोर, बखिरा क्षेत्र तथा बरदहिया बाजार की विश्व प्रसिद्ध मंडी को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है।
धार्मिक, व्यापारिक और आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होने के कारण इस मार्ग पर प्रतिदिन हजारों वाहनों का आवागमन रहता है। यातायात का दबाव लगातार बढ़ने से सड़क को फोरलेन किए जाने की आवश्यकता और भी बढ़ गई है। विधायक ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि जनहित को ध्यान में रखते हुए नंदौर-नेवरी मार्ग को फोरलेन किए जाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि मार्ग के फोरलेन हो जाने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, जाम की समस्या से राहत मिलेगी और आसपास के जनपदों के बीच संपर्क व्यवस्था और बेहतर होगी। विधायक गणेश चंद्र चौहान ने कहा कि सड़क एवं परिवहन सुविधाओं का विकास क्षेत्र की प्रगति के लिए बेहद जरूरी है। फोरलेन सड़क बनने से न केवल आम लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, बल्कि व्यापार, पर्यटन और धार्मिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्रीय मंत्री की ओर से इस महत्वपूर्ण मांग पर सकारात्मक पहल की जाएगी। क्षेत्रीय लोगों ने भी विधायक की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि नंदौर-नेवरी मार्ग के फोरलेन होने से धनघटा सहित आसपास के क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी। साथ ही तामेश्वरनाथ धाम, बखिरा और बरदहिया बाजार आने-जाने वाले लोगों को भी बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

