श्री ताराचंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय में कार्यक्रम का हुआ आयोजन
कार्यक्रम के दौरान हैंसर बाजार,पौली एवं नाथनगर विकास खण्डों के चयनित शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड भी अतिथियों द्वारा वितरित किए गए।
योगी सरकार दक्षता का नया प्रतिमान स्थापित किया- गणेश चन्द्र चौहान
-श्री ताराचंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय, में कार्यक्रम का हुआ आयोजन
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना एवं परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को गणवेश,जूता, मोज़ा,स्वेटर,बैग आदि हेतु डीबीटी वितरण कार्यक्रम के शुभारम्भ के अवसर पर शिक्षा क्षेत्र हैंसर बाजार के अंतर्गत श्री ताराचंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मिठना-सिठना (धनघटा) में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का प्रारम्भ वाराणसी से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने गंभीरता एवं उत्साह के साथ देखा। कार्यक्रम के दौरान हैंसर बाजार,पौली एवं नाथनगर विकास खण्डों के चयनित शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड भी अतिथियों द्वारा वितरित किए गए।
इस अवसर पर शिक्षकों ने इस योजना को उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा एवं सामाजिक कल्याण की दिशा में राज्य सरकार की दूरदर्शी एवं सराहनीय पहल बताया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक गणेश चन्द्र चौहान ने अपने उद्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सुशासन के क्षेत्र में ऐतिहासिक निर्णय लेकर समाज के प्रत्येक वर्ग को सशक्त बनाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों के सम्मान,सुरक्षा और सामाजिक विश्वास को नई मजबूती प्रदान करेगी,जबकि डीबीटी व्यवस्था ने सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, जवाबदेही और दक्षता का नया प्रतिमान स्थापित किया है। उपजिलाधिकारी धनघटा रविकांत चौबे ने कहा कि शासन की डिजिटल एवं जनकल्याणकारी पहल सुशासन की अवधारणा को साकार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि डीबीटी प्रणाली ने पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ बिना किसी मध्यस्थता के समयबद्ध एवं पारदर्शी रूप से पहुंचाना सुनिश्चित किया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी धनघटा अभय नाथ मिश्र ने शिक्षा और स्वास्थ्य को समाज की प्रगति का आधार बताते हुए कहा कि शिक्षकों की भूमिका केवल ज्ञान प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि वे जागरूक,अनुशासित और उत्तरदायी समाज के निर्माण के सूत्रधार भी हैं। उन्होंने युवाओं में नैतिक मूल्यों एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के विकास पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम के आयोजक एवं खण्ड शिक्षा अधिकारी हैंसर बाजार ज्ञान चन्द्र मिश्र ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों के कल्याण की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं संवेदनशील पहल है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को डीबीटी के माध्यम से मिलने वाली सुविधाएं शासन की पारदर्शी एवं जवाबदेह कार्यप्रणाली का सशक्त उदाहरण हैं। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। खण्ड शिक्षा अधिकारी पौली अर्जुन प्रसाद तथा खण्ड शिक्षा अधिकारी नाथनगर अरुण प्रताप सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए शासन की जनहितकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने में शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर पौली ब्लॉक प्रमुख व प्रमुख संघ जिलाध्यक्ष राम मिलन यादव,श्री ताराचंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सह प्रबंधक सिंटू पाठक पीयूष,हैंसर बाजार के एआरपी उमेश चन्द्र मिश्र,शिक्षक नेता राजकुमार शुक्ल,रामकरन पासवान,पौली से विनोद कुमार पाण्डेय,एसआरजी संजय द्विवेदी,नाथनगर के एआरपी प्रमोद कुमार, संत कुमार मिश्र सहित बड़ी संख्या में शिक्षक,शिक्षामित्र, अनुदेशक,शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम के समापन अवसर पर खण्ड शिक्षा अधिकारी पौली अर्जुन प्रसाद के डायट गोंडा में वरिष्ठ प्रवक्ता पद पर पदोन्नति होने पर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। उपस्थित सभी अधिकारियों एवं शिक्षकों ने उन्हें पुष्पगुच्छ एवं शुभकामनाएँ भेंट करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य तथा सफल कार्यकाल की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं। कार्यक्रम गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ तथा अंत में आयोजक मंडल द्वारा सभी आगंतुकों के प्रति आभार ज्ञापित किया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

