व्यापारी नेता पर चाकू से हमला, आसपास के लोगों ने हमलावर को दबोचकर बचाई जान
व्यापारी नेता पर चाकू से हमला, आसपास के लोगों ने हमलावर को दबोचकर बचाई जान
संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के मगहर कस्बे में एक व्यापारी नेता पर उनके भतीजे द्वारा धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हमले में घायल व्यापारी नेता विजय प्रकाश कान्दू का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस को दी गई तहरीर में शुभम कान्दू ने बताया कि 1 जुलाई 2026 की शाम करीब पांच बजे उनके पिता विजय प्रकाश कान्दू अपनी दुकान के बाहर बैठे थे। इसी दौरान उनका भतीजा अमरनाथ उर्फ भोलू वहां पहुंचा और चाकू से उन पर हमला कर दिया। वायरल सीसीटीवी फुटेज में आरोपी हाथ में चाकू छिपाकर आता है और अचानक विजय प्रकाश पर हमला करता दिखाई दे रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए हमलावर को पकड़ लिया और उसके हाथ से चाकू छीन लिया। इसके बाद आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी पक्ष ने पुलिस को गुमराह करने और उनके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उपलब्ध तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की। परिजनों का कहना है कि पारिवारिक रिश्तों को देखते हुए वे शुरुआत में कानूनी कार्रवाई से बचना चाहते थे। परिजनों के मुताबिक, देर रात विजय प्रकाश की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें दोबारा अस्पताल ले जाया गया। वहां से लौटते समय रात करीब एक बजे रवि प्रकाश और दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया। आरोप है कि इस दौरान मुकदमा दर्ज न कराने का दबाव बनाया गया और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

