चोरी की बुलेट कबाड़ में बेचने वाले दो गिरफ्तार, महुली थाना क्षेत्र का मामला
चोरी की बुलेट कबाड़ में बेचने वाले दो गिरफ्तार
नाथनगर/संतकबीरनगर। महुली पुलिस ने चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल को कबाड़ में बेचने के मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विरुद्ध कार्य करने वाले बालक को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से बुलेट बेचने से संबंधित 25 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार मानपुर निवासी मोहम्मद इरफान खान ने थाना महुली में शिकायत दर्ज कराई थी कि 12 अगस्त की रात उनके भाई मोहम्मद गुफरान खान के घर के सामने खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल संख्या यूपी 58 एक्स 2616 चोरी हो गई थी। इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी। थानाध्यक्ष दुर्गेश पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार को सिकटहा पुलिया के पास कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों और एक बालक को पकड़ा।
पूछताछ में अभियुक्तों ने कथित तौर पर बताया कि उन्होंने बुलेट चोरी करने के बाद उसे सिकटहा निवासी मदन गुप्ता की कबाड़ की दुकान पर 25 हजार रुपये में बेच दिया था। पुलिस के अनुसार मदन गुप्ता को भी गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में उसने बताया कि मोटरसाइकिल चोरी की होने की जानकारी मिलने के बाद उसने उसे काटकर छोटे-छोटे टुकड़ों में बेच दिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में सिकटहा निवासी मदन गुप्ता तथा मूल रूप से महाराष्ट्र के ठाणे जनपद निवासी एवं वर्तमान में मानपुर निवासी आशिफ शेख शामिल हैं। मामले में एक बालक को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने मुकदमे में अन्य संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सोमनाथ मिश्रा, उपनिरीक्षक गौतम यादव, हेड कांस्टेबल आनंद दूबे और कांस्टेबल सुनील कुमार सिंह शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

