संतकबीरनगर एसपी ने कांवड़ यात्रा को संपन्न कराने के लिए किया बैठक, दिए आवश्यक निर्देश
एसपी ने कांवड़ यात्रा को संपन्न कराने के लिए किया बैठक, दिए आवश्यक निर्देश
संतकबीरनगर। एसपी संदीप कुमार मीना द्वारा आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संपन्न कराने के उद्देश्य से शासन एवं उच्चाधिकारियों से प्राप्त आदेश-निर्देशों के क्रम में जनपद के समस्त थाना प्रभारी/थानाध्यक्षों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ यात्रा मार्ग, प्रमुख शिवालयों तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था के संबंध में विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि यात्रा मार्ग पर निरंतर पुलिस गश्त, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, यातायात व्यवस्था का सुचारु संचालन तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए, यह सुनिश्चित किया जाए। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, अराजकता, कानून-व्यवस्था भंग करने वाली गतिविधि अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे तत्वों के विरुद्ध तत्काल एवं प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए, ताकि श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

