जनता के मुद्दों पर सपा का बड़ा प्रदर्शन
जनता के मुद्दों पर सपा का बड़ा प्रदर्शन
-पूर्व विधायक अलगू प्रसाद चौहान ने तहसीलदार धनघटा को सौंपा पांच सूत्रीय ज्ञापन
धनघटा/संतकबीरनगर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक अलगू प्रसाद चौहान के नेतृत्व में शनिवार को भारी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ताओं ने तहसील मुख्यालय पहुंचकर तहसीलदार धनघटा को पांच सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जनता से जुड़े मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। पूर्व विधायक अलगू प्रसाद चौहान ने कहा कि धनघटा तहसील क्षेत्र में लगभग 10 वर्ष पूर्व अस्पताल भवन बनकर तैयार हो चुका है, लेकिन आज तक वहां ओपीडी व्यवस्था शुरू नहीं हो सकी है। इससे क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है।
उन्होंने अस्पताल में तत्काल ओपीडी सेवा शुरू कराने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस के लगातार बढ़ते दामों से आम जनता त्रस्त है। महंगाई ने गरीब और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है। सरकार को बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण करना चाहिए। ज्ञापन में धनघटा विधानसभा क्षेत्र में व्याप्त बिजली संकट का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। सपा नेताओं ने कहा कि लगातार बिजली कटौती से आमजन, किसान, बुजुर्ग और बच्चे परेशान हैं। भीषण गर्मी में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, जिसे तत्काल सुधारा जाए। पूर्व विधायक ने किसानों की समस्या उठाते हुए कहा कि किसान अपने खेत से एक ट्राली मिट्टी तक नहीं निकाल पा रहा है।
यदि कोई किसान मिट्टी निकालता है तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है, जो किसानों के साथ अन्याय और उत्पीड़न है। उन्होंने इस कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। सपा नेताओं ने नीट परीक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि परीक्षा में हो रही गड़बड़ियां बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि छात्रों का भविष्य सुरक्षित रह सके। इस दौरान बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता मौजूद रहे। ज्ञापन सौंपने के बाद सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो पार्टी आंदोलन करने को बाध्य होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
