हैसर बाजार की बेटी सेजल अग्रहरी बनीं दारोगा, विद्यालय में हुआ भव्य स्वागत
हैसर बाजार की बेटी सेजल अग्रहरी बनीं दारोगा, विद्यालय में हुआ भव्य स्वागत
-श्रीमति शंकर देई बालिका इंटर कॉलेज की पूर्व छात्रा की सफलता पर शिक्षकों व छात्राओं में खुशी की लहर
संतकबीरनगर। धनघटा तहसील क्षेत्र स्थित श्रीमति शंकर देई बालिका इंटर कॉलेज की पूर्व छात्रा एवं हैसर बाजार निवासी सेजल अग्रहरी के उत्तर प्रदेश पुलिस में दारोगा (उपनिरीक्षक) पद पर चयन होने से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। विद्यालय में आयोजित एक सम्मान समारोह के दौरान सेजल अग्रहरी का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने उनकी उपलब्धि को बेटियों के लिए प्रेरणादायक बताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। सम्मान समारोह में विद्यालय के प्रबंधक भालचंद पाठक ने कहा कि सेजल अग्रहरी ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर यह सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि विद्यालय की छात्राओं को सेजल से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहना चाहिए। सह प्रबंधक सिंटू पाठक ने विश्वास जताया कि सेजल अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन कर समाज में विद्यालय और जिले का नाम रोशन करेंगी। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्राओं ने सेजल अग्रहरी को पुष्पगुच्छ एवं मालाएं पहनाकर सम्मानित किया। सेजल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और निरंतर मेहनत को देते हुए कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और निरंतर प्रयास किया जाए तो कोई भी मंजिल कठिन नहीं होती। उन्होंने छात्राओं से मेहनत, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा। छात्राओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच अपनी वरिष्ठ छात्रा का स्वागत किया और उनसे सफलता के अनुभव भी साझा किए। विद्यालय परिवार ने इसे संस्थान के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि सेजल अग्रहरी की उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

