मेंहदावल थाना क्षेत्र में महिला ने लगाया घर में घुसकर छेड़छाड़ व हमला करने का आरोप
कोर्ट के दखल के बाद दर्ज हुआ मुकदमा, महिला ने लगाया घर में घुसकर छेड़छाड़ व हमला करने का आरोप
मेंहदावल/संतकबीरनगर। मेंहदावल थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ कथित छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी के मामले में आखिरकार कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस से लगातार गुहार लगाने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उसे न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। महिला द्वारा न्यायालय में दिए गए प्रार्थना पत्र के मुताबिक 18 अक्तूबर 2025 की दोपहर वह अपने घर पर अकेली थी। तभी गांव के अवधराज, मिट्ठू चौधरी, रुक्मिनी और चंदना कथित रूप से एकजुट होकर उसके घर में घुस आए। आरोप है कि इसी दौरान अवधराज ने महिला के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपित उग्र हो गए और गाली-गलौज शुरू कर दी।
पीड़िता का कहना है कि उसे जमीन पर पटककर बेरहमी से पीटा गया। आरोप है कि लोहे के पाइप से उसके पैर पर वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद आरोपित धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल महिला को परिजन तत्काल सीएचसी मेंहदावल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मेडिकल जांच और एक्स-रे रिपोर्ट में पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि होने की बात कही गई है। पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद कई दिनों तक थाने और अधिकारियों के चक्कर लगाने के बावजूद उसकी सुनवाई नहीं हुई। पुलिस अधीक्षक से शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने पर उसने अदालत का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश के बाद अब मेंहदावल पुलिस ने चारों आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
