डिप्टी सीएम ने जनसभा में की घोषणा, डेढ़ लाख आबादी को मिलेगी स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधा
2013 से ठप शिवबखरी सीएचसी का जल्द शुरू होगा संचालन
डिप्टी सीएम ने जनसभा में की घोषणा, डेढ़ लाख आबादी को मिलेगी स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधा
-2013 से ठप शिवबखरी सीएचसी का जल्द शुरू होगा संचालन
धनघटा तहसील क्षेत्र के पौली स्थित शिवबखरी में वर्ष 2013 से ठप पड़े सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के संचालन का रास्ता अब साफ हो गया है। बुधवार को शिवबखरी में आयोजित जनसभा एवं चौपाल में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने सीएचसी का संचालन जल्द शुरू किए जाने की घोषणा की। घोषणा के बाद क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। अस्पताल के संचालन से पौली क्षेत्र सहित आसपास के गांवों की करीब डेढ़ लाख आबादी को स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद जगी है। जनसभा को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि शिवबखरी सीएचसी का निर्माण पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में अधूरा रह गया था। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति तक बेहतर चिकित्सा सुविधा पहुंचाना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का चक्कर न लगाना पड़े।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में मेडिकल कॉलेज संचालित किए जा रहे हैं और जिन क्षेत्रों में अभी मेडिकल कॉलेज की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां भी इसके लिए प्रयास जारी हैं। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ अस्पतालों में आवश्यक संसाधन और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है। उप मुख्यमंत्री ने शिवबखरी सीएचसी के संचालन को लेकर स्थानीय विधायक गणेश चंद्र चौहान के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय विधायक द्वारा लगातार इस मुद्दे को सरकार के समक्ष उठाया जाता रहा, जिसके परिणामस्वरूप आज इस अस्पताल के संचालन का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
इस दौरान डिप्टी सीएम बृजेश पाठक को बुके भेंट कर धनघटा विधायक गणेश चन्द्र चौहान ने स्वागत किया। इस अवसर पर मेहदावल विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी,भाजपा जिलाध्यक्ष नीतू सिंह,लखनऊ महानगर भाजपा प्रभारी त्रयम्बक त्रिपाठी,फतेह बहादुर सिंह उर्फ जोखई सिंह,पौली ब्लॉक प्रमुख राम मिलन यादव,वरिष्ठ भाजपा नेता एवं भाजपा खेल संघ के जिला अध्यक्ष राकेश उर्फ चिक्कन सिंह,पूर्व जिलाध्यक्ष जगदम्बा लाल,बद्री प्रसाद यादव, ओमप्रकाश यादव,क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजीव राय,भाजपा जिला महामंत्री गणेश पाण्डेय,भाजपा जिला उपाध्यक्ष अमर राय,वरिष्ठ भाजपा नेता बुद्धि सागर पाण्डेय,पूर्व मंडल अध्यक्ष नरेंद्र पाण्डेय, अनिल अग्रहरि, कपिल कनौजिया, अशोक यादव, कुलदीप मणि मिश्रा, अरविंद सिंह, अनिल जायसवाल, भूपेंद्र तिवारी, क्षेत्रीय कार्यालय गोरखपुर के पदाधिकारी, जनपद के सभी 15 मंडल अध्यक्ष, सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
विधायक ने जताया उप मुख्यमंत्री का आभार
सन्तकबीरनगर। धनघटा विधायक गणेश चंद्र चौहान ने उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिवबखरी सीएचसी का संचालन उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। अस्पताल शुरू होने से क्षेत्र की करीब डेढ़ लाख आबादी को इलाज के लिए दूसरे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। स्थानीय लोगों को नजदीक में ही बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से अस्पताल के संचालन की मांग क्षेत्र की जनता द्वारा की जा रही थी।
सरकार के सहयोग और लगातार किए गए प्रयासों से अब यह सपना साकार होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिवबखरी सीएचसी का संचालन क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। जनसभा के दौरान उप मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर भी राजनीतिक आरोप लगाए और कहा कि भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था तथा महिला सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने लोगों से जातिवाद की राजनीति से सावधान रहने की अपील की। विधायक गणेश चंद्र चौहान ने भी विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग सीएचसी को लेकर जनता को गुमराह कर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन अब अस्पताल का संचालन शुरू होने से क्षेत्र की जनता को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

